विदेश

ISIS आतंकियों ने पार की क्रूरता की सारी हदें! पादरी का सिर धड़ से किया अलग, फिर बोरी में भरकर पत्नी को सौंपा

खूंखार आतंकवादी संगठन ISIS से जुड़े आतंकवादियों में मोजाम्बिक (Mozambique) में क्रूरता की सारी हदें पार कर दी हैं. चरमपंथियों ने एक ईसाई पादरी का सिर काट कर उसकी हत्या कर दी और फिर कटे हुए सिर को उसकी पत्नी को सौंप दिया, ताकि वह अधिकारियों को दिखा सके. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह हत्या देश के गैस समृद्ध उत्तरी प्रांत काबो डेलगाडो (Cabo Delgado) में हुई. सैन्य सूत्रों का हवाला देते हुए बीबीसी के अनुसार, पिछले बुधवार को पादरी की विधवा अपने पति के सिर वाली एक बोरी जिला पुलिस मुख्यालय लेकर पहुंची थी. इसे देखकर अधिकारी हैरान रह गए थे.

महिला ने पुलिस को बताया कि उसे इस्लामिक स्टेट (Islamic State) से जुड़े संदिग्ध आतंकवादियों द्वारा अपने पति की हत्या के बारे में अधिकारियों को सूचित करने का आदेश दिया गया. इन आतंकवादियों ने पादरी को खेत में पकड़ लिया था. नोवा जाम्बेजिया की रहने वाली महिला ने अधिकारियों को बताया कि आतंकियों ने उसके पति का सिर काटने से पहले उसका खेत से अपहरण कर लिया था. मोजाम्बिक के राष्ट्रपति फिलिप न्यासी ने कहा कि रवांडा और पड़ोसी देशों द्वारा चार साल के विद्रोह से निपटने में मदद करने के बाद उनके देश में पिछले साल की तुलना में इस साल कम जिहादी हमले हुए हैं.

पिछले चार सालों में आतंकी हमले में मारे गए 3000 से ज्यादा लोग

2017 से इस्लामिक स्टेट से जुड़े आतंकवादियों के हमलों ने काबो डेलगाडो प्रांत को हिला कर रख दिया. इन हमलों में कम से कम 3,340 लोग मारे गए और 8,00,000 से अधिक लोग विस्थापित होने पर मजबूर हुए. इस साल की शुरुआत में एक हमले में दर्जनों निर्दोष लोग मारे गए थे. आतंकवादियों ने 24 मार्च को उत्तरी शहर पाल्मा पर छापा मारा था और निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतार दिया था. लेकिन जुलाई के बाद से, 3,100 से अधिक अफ्रीकी, यूरोपीय और अमेरिकी सैनिकों की यहां पर तैनाती की गई है, ताकि यहां पर फैली अशांति को शांत किया जा सके.

राष्ट्रपति ने कहा पहले से कम हुए आतंकी हमले

साप्ताहिक आधार पर गांवों और नागरिकों के खिलाफ हो रहे हमलों के बावजूद, राष्ट्रपति फिलिप न्यासी ने संसद को बताया कि आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई के प्रयास आंशिक रूप से सफल रहे हैं. उन्होंने कहा, हम आतंकवादी हमलों को तीन गुना कम करने में सक्षम हैं. राष्ट्रपति ने कहा कि 2020 में देश ने सिर्फ 160 से अधिक हमले दर्ज किए, लेकिन 2021 में यह संख्या घटकर 52 हो गई. उन्होंने कहा कि यह रवांडा और 16 देशों के दक्षिणी अफ्रीकी विकास समुदाय के साथ ‘सैन्य सहयोग’ के जरिए हो पाया है. राष्ट्रपति ने कहा कि हाल के अभियानों में ‘245 संदिग्ध आतंकवादियों’ को पकड़ा गया और लगभग 200 ‘आतंकवादियों’ एवं 10 ‘आतंकवादी नेताओं’ को ठिकाने लगाया गया.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button