देशबड़ी खबर

सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने स्वर्ण मंदिर में बेअदबी के प्रयास की निंदा की, पुलिस को ‘साजिशकर्ताओं’ का पता लगाने का दिया निर्देश

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शनिवार को अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में कथित बेअदबी के प्रयास की निंदा की और राज्य के अधिकारियों को मामले की पूरी तरह से जांच करने और असली साजिशकर्ता का पता लगाने का निर्देश दिया. सीएमओ पंजाब ने ट्वीट कर कहा कि सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने श्री हरमंदिर साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का प्रयास करने की कड़ी निंदा की है.

वहीं सीएमओ पंजाब ने एक दूसरे ट्वीट में कहा कि सीएम ने राज्य के पुलिस अधिकारियों को इस कायराना हरकत के पीछे के मकसद और असली साजिशकर्ताओं को लेकर पूरे मामले की पूरी तरह से जांच करने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री ने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष को भी फोन किया और मामले की तह तक जाने के लिए अपनी सरकार का पूर्ण समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया.

भीड़ की पिटाई से आरोपी युवक की हुई मौत

इससे पहले दिन में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में कथित रूप से बेअदबी करने का प्रयास करने के बाद गुस्साए भक्तों की भीड़ ने आरोपी युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने ये जानकारी दी. जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब 6 बजे रहिरास साहिब पाठ के दौरान युवक ने बेअदबी करने की कोशिश की. आरोपी युवक ग्रिल फांदकर घुसा और पवित्र ग्रंथ के सामने रखे कृपाण को लेने की कोशिश की. इसी दौरान मौके पर मौजूद एसजीपीसी कर्मियों ने युवक को पकड़ लिया. बाद में भीड़ ने आरोपी की जमकर पिटाई की. वहीं बाद में पिटाई से आरोपी युवक की मौत हो गई.

घटना की जानकारी मिलते ही सिख संगठन वहां पहुंच गए और घटना को लेकर नाराजगी जताने लगे. हालांकि इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया. डीसीपी परमिंदर सिंह भंडल ने घटना के बारे में बताते हुए कहा कि आज एक 24-25 साल का व्यक्ति स्वर्ण मंदिर के अंदर घुस गया, जहां पवित्र ग्रंथ गुरु ग्रंथ साहिब रखी हुई है. उसने तलवार से उसे अपवित्र करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान संगत के लोगों ने उसे वहां से निकाला. बाद में भीड़ की तरफ से की गई मारपीट में उसकी मौत हो गई. साथ ही कहा कि युवक के शव को सिविल अस्पताल भेजा गया है.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button