वर्षों से बंद पड़ा पिंक शौचालय, निरीक्षण में सामने आई लापरवाही
महिलाओं और किन्नरों की सुविधा के लिए बनाया गया यह पिंक शौचालय

आजमगढ़।नगर पंचायत निजामाबाद के वार्ड संख्या 1, मोहल्ला संत रविदास नगर स्थित शिवाला घाट के पास बने पिंक शौचालय की स्थिति पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार और समाज सेविका कुलदीप कौर ने 7 मार्च 2026 को मौके पर पहुंचकर शौचालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि महिलाओं और किन्नरों की सुविधा के लिए बनाया गया यह पिंक शौचालय कई वर्षों से ताले में बंद पड़ा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि जब से इसका निर्माण हुआ है, तब से इसका उपयोग नहीं हो पाया है। समाजसेवी अरुण कुमार ने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों और अध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं, बहन-बेटियों, वृद्ध महिलाओं और किन्नर समुदाय की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की गई थी, लेकिन ताला लगे होने के कारण इसका लाभ किसी को नहीं मिल रहा है। इसके अलावा पास में बने पुरुष और महिला शौचालय की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। वहां गंदगी, टूटे दरवाजे और रखरखाव की कमी जैसी समस्याएं सामने आई हैं। समाजसेवी अरुण कुमार और कुलदीप कौर ने भारत सरकार, प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और तहसील प्रशासन से मांग की है कि नगर पंचायत के सभी सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण कराया जाए। जहां भी कमियां हों उन्हें दूर किया जाए और लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन किया जाए। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई यह सुविधा आम जनता को मिलनी चाहिए और इसे जल्द से जल्द सुचारु रूप से शुरू कराया जाना चाहिए।



