खेल-खिलाड़ी

हरभजन सिंह के कांग्रेस ज्वाइन करने का मचा हल्ला, भज्जी बोले- अफवाहों में मत जाइये, ऐसा कुछ भी नहीं

पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक जोड़-तोड़ का खेल जारी है और सभी दल चर्चित चेहरों को अपनी पार्टी में शामिल करने में जुटी हुई हैं. पंजाब के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की हरभजन सिंह के साथ हुई मुलाकात के बाद अब टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर के राजनीति में शामिल होने के कयास लगाए जाने शुरू हो गए. हालांकि कयास के बीच हरभजन सिंह ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.

क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू से हरभजन सिंह की मुलाकात के बाद सूत्रों के हवाले से ऐसे कयास लगाए जाने लगे कि कांग्रेस उन्‍हें चुनाव लड़ाना चाहती है. राज्य की सत्तारुढ़ पार्टी हरभजन को जालंधर की किसी सीट से चुनाव लड़ने पर भी विचार कर रही है. इन कयासों पर हरभजन का कहना है कि राजनीति में आने जैसा कुछ नहीं है. हम एक ही शहर में थे इसलिए मैंने शिष्टाचार के नाते मुलाकात करने का फैसला किया. शेरी पा (नवजोत सिंह सिद्धू) दूसरों के लिए राजनेता हो सकते हैं, लेकिन मेरे लिए वह एक सम्मानित और वरिष्ठ क्रिकेटर हैं.

हरभजन सिंह के राजनीति में आने के कयास की खबरें तब आने लगीं जब पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने ट्विटर पर हरभजन सिंह के साथ एक फोटो पोस्ट की. साथ ही कैप्शन लिखा- संभावनाओं से भरी तस्वीर… चमकते सितारे भज्जी के साथ.

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने पिछले दिनों भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की अटकलों को खारिज कर दिया था. भज्जी ने एक खबर को ट्विटर पर कोट करते हुए इसे ‘फेक न्यूज’ करार दिया था. सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया था कि पंजाब के 2 दिग्गज क्रिकेटर हरभजन सिंह और युवराज सिंह जल्द ही राजनीति में एंट्री करने वाले हैं. दोनों क्रिकेटर जल्द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं. इसी कयास पर हरभजन सिंह ने कहा था, फेक न्यूज.

उत्तर प्रदेश की तरह पंजाब में भी अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश में जुटी हुई है. चुनाव से पहले कांग्रेस अन्य पार्टियों की तरह कई हस्तियों को पार्टी में लाने की कोशिश कर रही है. पिछले दिनों पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला भी कांग्रेस में शामिल हुए थे.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button