उत्तर प्रदेशलखनऊ

मोदी ने गांधी के सपने को किया साकार: योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के लोकार्पण अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी के नाम का लाभ बहुत से लोगों ने लिया लेकिन उनके सपनों को साकार करने का कार्य भारत माता के सच्चे सपूत शिवभक्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महात्मा गांधी चाहते थे कि बाबा विश्वनाथ धाम का जीर्णोद्धार हो। बाबा तंग गलियों से मुक्ति पाएं। वह काशी की स्थिति को देखकर भावुक थे। 100 साल पहले काशी में आकर जब संकरी गलियों से होकर वे विश्वनाथ धाम तक पहुंचे तो उन्होंने चिंता व्यक्त की थी। तब से उनका नाम खुद से जोड़ने वालों की सरकारें रहीं लेकिन उन्होंने कोई चिंता नहीं की। आज बाबा विश्वनाथ धाम नये कलेवर में बनकर तैयार है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का मंदिर और काशी में बाबा विश्वनाथ धाम का अद्भुत नजारा दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस अवसर पर प्रदेश की जनता और सरकार की ओर से स्वागत करता हूं। बाबा विश्वनाथ धाम आज से नए कलेवर के रूप में देखने को मिलेगा। बाबा विश्वनाथ और मां गंगा को मिलाने का कार्य हुआ है। देश-दुनिया को यहां से संदेश जाएगा। विश्वनाथ के इस पावन धाम के प्रति निरंतर आस्था और सनातन संस्कृति का संदेश प्राचीन नगरी काशी से दुनिया को जाता रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक बार फिर इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, पूज्य संतों का मैं स्वागत करता हूं।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button