देशबड़ी खबर

घंटों इंतजार के बाद स्टेशन में मिल रही एंट्री, सरकारी निर्देश के बाद दिल्ली मेट्रो ने लागू की नई गाइडलाइंस

देश में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के बढ़ते मामलों ने केंद्र सरकार के साथ-साथ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश सरकारों की भी टेंशन बढ़ा दी है. राजधानी दिल्ली में ओमिक्रॉन की वजह से कोरोना के नए मामलों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है. मंगलवार, 28 दिसंबर को दिल्ली में कोरोना वायरस के करीब 500 नए मामले सामने आए. दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे कोरोनावायरस के मामलों को देखते हुए सरकार ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. राजधानी दिल्ली में आज यानी 29 दिसंबर से नई गाइडलाइंस लागू कर दी गई हैं.

दिल्ली मेट्रो में आधी क्षमता में ही बैठकर यात्रा कर सकेंगे यात्री

सरकार के फैसले के अनुसार अब शहर के प्रमुख पब्लिक ट्रांसपोर्ट- मेट्रो ट्रेन और बसों में भी आधी क्षमता के साथ ही यात्रा करने की अनुमति है. नई गाइडलाइंस के मुताबिक अगले आदेश तक दिल्ली मेट्रो में अब कुल सीटों में से सिर्फ आधी सीटों पर ही बैठकर यात्री की जा सकती है. नई गाइडलाइंस के मुताबिक, दिल्ली मेट्रो में अब खड़े होकर यात्रा नहीं की जा सकेगी. दिल्ली सरकार द्वारा जारी की गई नई गाइडलाइंस के बाद दिल्ली मेट्रो ने भी यात्रियों से सहयोग की अपील की है.

स्टेशनों के बाहर लगी यात्रियों की लंबी-लंबी लाइनें

दिल्ली मेट्रो ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ को कम रखने के लिए स्टेशन के कुछ ही एंट्री गेट खोले जाएंगे. दिल्ली मेट्रो में यात्रा को लेकर शुरू हुई सख्ती की वजह से शहर के लगभग सभी बिजी मेट्रो स्टेशन के बाहर यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. मेट्रो स्टेशन के बाहर यात्रियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गई हैं. मेट्रो स्टेशन में सिर्फ सीमित संख्या में ही यात्रियों को प्रवेश मिल रहा है, जिसकी वजह से यात्रियों को स्टेशन के बाहर ही लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button