होली के दिन किसी को भी जबरदस्ती रंग न लगायें एवं शराब पीकर अभद्रता ना करें- जिलाधिकारी
त्योहारों को विवाद रहित तरीके से संपन्न कराने हेतु शरारती तत्वों को पाबंद करें- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
छविनाथ
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में हरिऔध कला केंद्र आजमगढ़ मे आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक की गई।जिलाधिकारी ने आगामी त्यौहारों-महाशिवरात्रि, रमजान, होलिका दहन, होली, नवरात्रि, रामनवमी आदि को की शुकामनायें देते हुए कहा कि होलिका दहन के आयोजन में किसी भी प्रकार का विवाद न करें। उन्होने कहा कि होली के दिन किसी को भी जबरदस्ती रंग न लगायें एवं शराब पीकर अभद्रता ना करें। उन्होंने कहा की पुरानी रंजिश को लेकर यदि किसी भी प्रकार का विवाद उत्पन्न किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी का स्पष्ट निर्देश है कि त्योहारों को पूरे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि होलिका दहन स्थल से संबंधित विवादों को आपस में बैठकर सुलझाएं। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि के दिन तमसा नदी के जिन घाटों से जल उठाया जाता है, वहां आवश्यकता अनुसार साइन बोर्ड एवं बैरिकेटिंग लगाया जाए। उन्होने कहा कि महाशिवरात्रि के दृष्टिगत सभी मंदिरों की साफ-सफाई सुनिश्चित करायी जाय।
जिलाधिकारी ने कहा कि सडक़ों पर हुए गड्ढ़ों की मरम्मत कराई जाए तथा नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों की साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में लगभग 250 मंदिरों पर शिवरात्रि के दिन जल चढ़ाया जाता है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने विभागों से संबंधित तैयारी समय से सुनिश्चित कर लें। उन्होंने कहा कि मंदिरों में सीसीटीवी कैमरा लगा होन चाहिए एवं प्रवेश तथा निकास द्वार अलग-अलग बनाएं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मेला में महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार की अभद्रता न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि मेले में लाइव किचन को थोड़ा दूर रखा जाए, जिससे किसी भी प्रकार की घटना ना हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर त्योहारों को विवाद रहित तरीके से सकुशल संपन्न करायें। उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों को त्योहारों के दृष्टिगत पाबंद करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन श्री राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 श्री गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी श्री संजीव ओझा, अपर पुलिस अधीक्षग नगर श्री मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक, जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं जनपद के सम्भ्रानत नागरिक उपस्थित रहे।



