जनहित में आवासीय नक्शों पर लगाई गई रोक को हटाए एडीए : इंजी जगदीश
छह सूत्री मांगों को लेकर प्रोफेशनल इंजीनियर्स एण्ड आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन ने सीएम को भेजा ज्ञापन

सदभावना/संवाददाता।
आजमगढ़। प्रोफेशनल इंजीनियर्स एण्ड आर्किटेक्ट्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष इंजी जगदीश प्रसाद सोनकर के नेतृत्व में गुरूवार को जनहित से जुड़े छह मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया। संगठन ने आजमगढ़ विकास प्राधिकरण की वर्तमान कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए सुधार की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष इंजी जगदीश प्रसाद सोनकर ने बताया कि एडीए की कार्य व्यवस्था के कारण आम जनता को कई प्रकार की समस्याओं और जटिलताओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने 25वीं बोर्ड बैठक के निर्णय का हवाला देते हुए आवासीय नक्शों पर लगाई गई रोक को तत्काल हटाने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि उक्त कार्यो से न केवल सरकारी राजस्व में वृद्धि होगी, बल्कि अवैध निर्माण पर भी रोक लगेगी। इसके अलावा, संगठन ने अवर अभियंता (मैकेनिकल) के स्थान पर सिविल अवर अभियंता की नियुक्ति करने की मांग उठाई है, ताकि भवन निर्माण से जुड़े नक्शों की स्वीकृति प्रक्रिया सुगम हो सके।
इंजी सुनील यादव ने बताया कि हमारी मांगों विकास प्राधिकरण में प्रतिनियुक्ति पर आए कर्मचारियों को हटाकर स्थायी और योग्य अधिकारियों की नियुक्ति की जाए, जिससे विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाया जा सके। संगठन ने पोर्टल में हुए बदलाव के बाद पंजीकृत इंजीनियरों, आर्किटेक्ट्स और सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षण देने की आवश्यकता भी बताई। साथ ही सुपरवाइजर के लाइसेंस के अनुसार 100 से 200 वर्ग मीटर तक की स्वीकृति सुविधा को विभागीय पोर्टल पर तत्काल लागू करने की मांग की गई है। एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि इन सभी बिंदुओं पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि जनता को राहत मिल सके और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर इंजी अमित यादव, ईं0 राजगौरव वर्मा, ईजी0 विनोद पाण्डेय, हलीमुल्लाह, आदि मौजूद रहे।
