
दुनिया में कोरोना के ओमीक्रॉन वेरिएंट से पहली मौत का मामला सामने आया है. ये मामला ब्रिटेन से सामने आया है जहां ओमीक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित एक शख्स की मौत हो गई है. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने इस बारे में जानकारी दी है. रॉयटर्स के मुताबिक उन्होंने सोमवार को बताया है कि ब्रिटेन कोरोना के ओमीक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित होने के बाद पहले व्यक्ति की मौत हो गई है.
ये खबर ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी थी कि अप्रैल के आखिर तक देश में ओमीक्रॉन से होने वाली मौता का आंकड़ा 25 हजार से 75 हजार तक हो सकता है. वहीं ब्रिटेन के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहाथा कि ओमीक्रॉन, डेल्टा वेरिएंट की तुलना में बहुत अधिक तेजी से फैल रहा है और इसके इसे बदलने और कुछ ही दिनों में ब्रिटेन में फैलने वाले प्रमुख वेरिएंट बनने की संभावना है.
लंदन स्कूल ऑफ हाइजीन एंड ट्रॉपिकल मेडिसिन (एलएसएचटीएम) के वैज्ञानिकों द्वारा शनिवार को जारी मॉडलिंग में सुझाव दिया गया था कि ओमीक्रॉन (Study on Omicron Variant) के जनवरी तक संक्रमण की एक बड़ी लहर पैदा करने की आशंका है. ऐसे में अगर अगले पांच महीनों में कोई अन्य उपाय नहीं किए जाते, तो इंग्लैंड में 25,000 से 75,000 लोगों की मौत हो सकती है.
इसी के साथ ये भी कहा गया था कि अगर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग पर ध्यान नहीं दिया और लोगों के सामाजितक रूप से इकट्ठा होने पर रोक नहीं लगाई गई तो देश को इस वेरिएंट से उत्पन्न एक बड़ी लहर का सामना करना पड़ सकता है और ये लहर जनवरी में ही आ सकती है.



