आज़मगढ़

एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ

सदभावना/संवाददाता।
आजमगढ़।मंडलीय जिला चिकित्सालय स्थित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में सत्र 2025-26 के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं हेतु लैम्प लाइटिंग (दीपशिखा ग्रहण) एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा एवं एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर महिला चिकित्सालय के मुख्य अधीक्षक डॉ. विनय यादव, डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक तथा अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सिंग सेवा का कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं जिम्मेदारीपूर्ण है तथा दीपशिखा ग्रहण का यह प्रतीक प्रशिक्षुओं को मानव सेवा, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं सहानुभूति के साथ करें।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं को नर्सिंग सेवा की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें सेवा, अनुशासन एवं समर्पण के मूल्यों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया, जिसमें प्रथम वर्ष में संजू यादव ने प्रथम स्थान, रूपा गौतम ने द्वितीय स्थान तथा गरिमा सिंह एवं साधना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं द्वितीय वर्ष में चारू यादव ने प्रथम, शशि राव ने द्वितीय एवं अंजू यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त “बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर” का पुरस्कार गरिमा यादव को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं, जिनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर जागरूकता आधारित नृत्य, अनेकता में एकता पर आधारित समूह प्रस्तुति तथा आकर्षक कठपुतली (पपेट) नृत्य प्रमुख रहे। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया और सामाजिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की प्रधानाचार्य प्रियंका यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button