आज़मगढ़

लाल चुनरियों से सजा दरबार, मां शीतला के जयकारों से गूंजा निजामाबाद

मंदिर को झालरों और मोतियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया

सदभावना/संवाददाता।
निजामाबाद, आजमगढ़। तहसील क्षेत्र के भैरोपुर कला ग्राम सभा में स्थित मां शीतला दरबार नवरात्र के मद्देनजऱ भव्य रूप से सजाया गया है। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है। मंदिर को झालरों और मोतियों से आकर्षक ढंग से सजाया गया है, वहीं जगह-जगह भजन-कीर्तन के लिए पंडाल भी लगाए गए हैं।
यह पावन धाम जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और वर्षों से भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां न सिर्फ जिले बल्कि अन्य जनपदों से भी श्रद्धालु मां के दरबार में अपनी मन्नतें लेकर पहुंचते हैं।
मान्यता है कि राजा दक्ष द्वारा भगवान शिव के अपमान से आहत माता गौरा ने यज्ञ कुंड में कूदकर देह त्याग दी थी। इसके बाद भगवान शिव जब माता को लेकर आकाश मार्ग से जा रहे थे, तब मां के रक्त की कुछ बूंदें निजामाबाद की पावन धरती पर गिरीं। तभी से यहां मां शीतला दरबार की स्थापना हुई और यह स्थल आस्था का केंद्र बन गया।
मंदिर में सैकड़ों वर्ष पुरानी मां शीतला की प्रतिमा स्थापित है। श्रद्धालु यहां हलवा-पूड़ी का प्रसाद चढ़ाकर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की कामना करते हैं।
उपजिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह के अनुसार, नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सुबह-शाम आरती और भजन-कीर्तन के समय विशेष रूप से पुलिस बल तैनात रहेगा।
नवरात्र के अवसर पर मंदिर के आसपास की दुकानें पूजन सामग्री से पूरी तरह सजी हुई हैं। दुकानों पर टंगी लाल चुनरियां पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रही हैं।
हालांकि पूजन और व्रत के सामानों के दाम में बढ़ोतरी देखी जा रही है, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं है और लोग पहले से ही खरीदारी में जुट गए हैं। अगर आप भी नवरात्र में मां शीतला का आशीर्वाद लेना चाहते हैं, तो निजामाबाद का यह धाम आपके लिए खास आस्था का केंद्र बन सकता है।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button