होली की अनोखी परंपरा: निजामाबाद में धूमधाम से निकली ‘बुढ़वा की बारात’
बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी बढ़-चढक़र शामिल हुए

संवाददाता।
निजामाबाद, आजमगढ़। होली के पावन अवसर पर निजामाबाद बाजार में ‘बुढ़वा की बारात’ निकालने की परंपरा वर्षों पुरानी है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए बुधवार की शाम नगर में धूमधाम और उत्साह के साथ बुढ़वा की बारात निकाली गई। बारात में बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी बढ़-चढक़र शामिल हुए। पूरे जुलूस के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने भी राहगीरों पर रंग उड़ाकर माहौल को रंगीन बना दिया। ‘बुढ़वा की बारात’ नाम से प्रसिद्ध इस जुलूस में नगरवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। दूल्हे के रूप में रथ पर सवार महेंद्र प्रजापति आकर्षण का केंद्र रहे, जबकि गाजे-बाजे के साथ प्रकाश चौरसिया बारात का नेतृत्व करते हुए सबसे आगे चल रहे थे। यह बारात झिंनकरिया मोहल्ला हुसैनाबाद से प्रारंभ होकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमा यादव के आवास पर पहुंची, जहां जलपान की व्यवस्था की गई। इसके पश्चात जुलूस पूरे नगर का भ्रमण करते हुए परंपरा के अनुसार निजामाबाद थाने पहुंचा।
थाने पर थाना प्रभारी हिरेंद्र प्रताप सिंह ने बारात में शामिल लोगों का स्वागत किया और जलपान कराया। इसके बाद जुलूस पुन: झिंनकरिया मोहल्ले में पहुंचकर संपन्न हुआ. सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजऱ उपनिरीक्षक कमला प्रसाद पटेल, उपनिरीक्षक राजेश राय, उपनिरीक्षक मयंक उपाध्याय, हेड कांस्टेबल हौसला यादव, कांस्टेबल अजय जायसवाल सहित पुलिस बल के जवान पूरे समय जुलूस के साथ मौजूद रहे। बुढ़वा की बारात में नगर के सैकड़ों लोगों की सहभागिता ने होली के इस पारंपरिक आयोजन को यादगार बना दिया।



