उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊसियासत-ए-यूपी

यूपी में 6 जगह से निकली BJP की जन विश्वास यात्रा, जेपी नड्डा ने सपा पर जमकर साधा निशाना

उत्‍तर प्रदेश में दोबारा सत्ता में वापसी के लिए भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को राज्‍य की छह जगहों से जनविश्वास यात्रा शुरू की और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अंबेडकरनगर में यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. नड्डा ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी, भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचार और दुराचार का पर्याय है.”

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर सपा शासन में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया कि यह नई सपा नहीं है, यह वही सपा है, इसे हमें समझना चाहिए. BJP राज्य मुख्यालय से दी गई जानकारी के अनुसार उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मथुरा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने झांसी, केंद्रीय परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिजनौर, मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और BJP प्रदेश अध्‍यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बलिया और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने गाजीपुर में जनविश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई और जनसभाओं को संबोधित किया.

समाजवादी चिंतक डॉक्टर राम मनोहर लोहिया की जन्मभूमि अंबेडकर नगर से जनविश्वास यात्रा की शुरुआत करते हुये नड्डा ने कहा, ‘हम समर्पित भाव से लोगों की सेवा करते हैं. सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, ये सिर्फ BJP के नेतृत्व में ही संभव है. बाकी किसी राजनीतिक पार्टी में ये कभी भी संभव नहीं है.’’

‘हर पार्टी भाई भतीजावाद से ग्रसित’

उन्होंने कहा कि ”जम्मू कश्मीर से उठाकर देख लो हर पार्टी भाई भतीजावाद, जातिवाद, वंशवाद, परिवारवाद से ग्रसित हो चुकी है. नेशनल कांफ्रेंस परिवारवाद की पार्टी, पीडीपी परिवारवाद की पार्टी, हरियाणा में परिवारवाद की पार्टी, दक्षिण में जाओ परिवारवाद की पार्टी, बंगाल में जाओ परिवारवाद की पार्टी और उत्‍तर प्रदेश आओ तो परिवारवाद की पार्टी, मेरा बबुआ और बाकी कोई नहीं.’

BJP और अन्य राजनीतिक दलों का अंतर स्पष्ट करते हुए नड्डा ने कहा कि ”बाकी पार्टियां वोट बैंक की राजनीति करती हैं, ये फलानी जाति इसको जोड़ लो, इस धर्म को जोड़ लो, उसको तोड़ लो, ये मोदी जी हैं जिनकी सभी योजनाएं सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास को इंगित करती हैं. ये योजना गरीब, पिछड़े, दलित, पीड़ित और वंचित के लिए है.”

‘योगी सरकार में हुई माफियाओं की सफाई’

उन्होंने जोर देकर कहा कि ” BJP है तो विकास है, BJP है तो सम्मान है, BJP है तो सुरक्षा है और BJP है तो विकास का प्रयास है, अन्य दलों में ये संभव नहीं है.” समाजवादी पार्टी पर खनन माफिया, गुंडों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने दावा किया कि योगी आदित्यनाथ ने माफिया की सफाई की और यह सुशासन की वजह से संभव हो सका. अवधी में अपने भाषण की शुरुआत करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘ई अवध के धरती पर हम दुनो हाथ जोड़ के नमन करत हईं.’’ (मै इस अवध की धरती पर दोनों हाथ जोड़कर प्रणाम करता हूं.)

उन्होंने कहा, ”जिंदा समाज वो है जो काम करने वाले को शाबासी दे और जिंदा समाज वह है जो नहीं काम करने वाले को घर बैठाने की ताकत रखे और मुझे लगता है कि अवध की जनता जिंदा समाज है, काम करने वालों को शाबासी देगी और नहीं काम करने वालों को घर बैठाएगी.” उन्होंने कहा कि ये जन विश्वास यात्रा प्रदेश के छह स्थानों से प्रारंभ होकर 403 विधानसभा क्षेत्रों से निकलेगी और राज्‍य के करीब चार करोड़ नागरिकों के साथ सीधा संवाद करते हुए जनता का विश्वास प्राप्त करेगी.

सभी विधानसभाओं से होकर गुजरेगी यात्रा

BJP अध्यक्ष ने कहा, ‘जहां BJP का कार्यकर्ता एकत्र होता है, वो जनसैलाब में परिवर्तित हो जाता है. ऐसा ही नजारा आज मथुरा, झांसी, बिजनौर, बलिया और गाजीपुर में भी है.’ नड्डा के साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, वित्‍त राज्‍य मंत्री पंकज चौधरी व राज्‍य मंत्री कौशल किशोर समेत कई प्रमुख नेता इस यात्रा में मौजूद थे.

यात्रा के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि इन यात्राओं के माध्‍यम से हम BJP के केंद्र और राज्‍य सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और यह यात्रा जातिवाद, तुष्टिकरण और वंशवाद की सीमाओं को तोड़ देगी. उन्होंने बताया कि छह यात्राएं प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए गुजरेंगी और जनता के आशीर्वाद से विधानसभा चुनाव में हम 300 से अधिक सीटें जीतकर दोबारा BJP की सरकार बनाएंगे.

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी ने 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में छह परिवर्तन यात्राओं की शुरुआत की और उस समय की समाजवादी पार्टी की सरकार के खिलाफ परिवर्तन का संकल्प लेकर प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों से यह यात्रा गुजरी. 2017 में BJP और सहयोगियों ने उत्‍तर प्रदेश विधानसभा की 403 सीटों में 325 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी.

(इनपुट-भाषा)

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button