उत्तर प्रदेशलखनऊसियासत-ए-यूपी

संविधान बचाना है तो BJP को हटाना होगा, सिर्फ कांग्रेस ही मोदी और शाह को सत्ता से उखाड़ सकती है: उदित राज

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदित राज ने सोमवार को लोगों को क्षेत्रीय पार्टियों से आगाह करते हुए कहा कि सिर्फ कांग्रेस ही बीजेपी को सत्ता से बाहर कर संविधान को बचा सकती है. उदित राज ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘जब वर्ष 1996 में एचडी देवेगौड़ा की पार्टी सत्ता में आई थी तब आरक्षण विरोधी पांच आदेश पारित हुए थे. क्षेत्रीय पार्टियां कभी भी चीन की घुसपैठ, बढ़ती महंगाई, कोविड-19 या विदेश नीति की बात नहीं करेंगी. वे हमेशा राज्य स्तरीय राजनीति में जीत-हार और जातीय समीकरण बनाए रखने के लिए जोड़-तोड़ करने तक ही सीमित रहती हैं.’

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का जिक्र करते हुए कहा ‘सिर्फ कांग्रेस ही मोदी और शाह को सत्ता से उखाड़ सकती है. अगर जय भीम को बचाना है तो कांग्रेस को सत्ता में फिर से वापस लाना होगा. इसके अलावा और कोई विकल्प नहीं है, क्योंकि कांग्रेस राष्ट्रीय पार्टी है.’ कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने संविधान का विरोध किया और 11 दिसंबर 1948 को संविधान की एक प्रति के साथ-साथ बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का पुतला भी जलाया.

संविधान बचाने के लिए बीजेपी को उखाड़ फेंकना होगा

पूर्व सांसद ने कहा, ‘मैं बाबा साहब के अनुयायियों से कहना चाहता हूं कि अगर वह संविधान को बचाना चाहते हैं तो बीजेपी और संघ को सरकार से उखाड़ फेंकना होगा. वरना अगर बीजेपी साल 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2024 का आम चुनाव जीती तो संविधान खत्म हो जाएगा.’

उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोगों ने पहले कहा था कि वे संविधान को बदल देंगे और अब वे संसद में प्राइवेट मेंबर बिल लाकर संविधान की प्रस्तावना में संशोधन की मांग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि यह आश्चर्य की बात है कि यह बात मीडिया में जगह नहीं बना सकी, यह अलग बात है कि विरोध के बाद इस विधेयक को बीजेपी ने वापस ले लिया. उदित राज का इशारा बीजेपी के राज्यसभा सदस्य के. जे. अलफोंस की तरफ था जिन्होंने संविधान की प्रस्तावना में संशोधन के लिए हाल में सदन में प्राइवेट मेंबर बिल प्रस्तुत किया था.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button