देश

PM मोदी ने श्रीनगर आतंकी हमले की मांगी रिपोर्ट, शहीद जवानों की शहादत पर जताया शोक

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में एक बार फिर आतंकी घटना को अंजाम दिया गया है. इसमें एक बस को निशाना बनाते हुए सशस्त्र पुलिस की 9वीं बटालियन पर हमला किया गया. इस हमले में 2 जवान शहीद हो गए हैं जबकि 12 घायल है. घायल जवानों में से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की जानकारी मांगी है. पीएमओ की ओर से इस बारे में जानकारी देते हुए बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमले की जानकारी मांगी है और हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है.

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की हमले की निंदा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी हमले की निंदा की है. उन्होंने कहा, ”श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर पुलिस की बस पर कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं. हमारे वीर शहीद पुलिस कर्मियों को मेरी श्रद्धांजलि. हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि अपराधियों को सजा मिले. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना.”

इसी के साथ उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों को घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए गए हैं. मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं. हमारी पुलिस और सुरक्षा बल आतंकवाद की बुरी ताकतों को बेअसर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, ”श्रीनगर में शहीद हुए जवानों के परिवारों को मेरी शोक संवेदनाएं. घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. पूरा देश चाहता है कि इस सुंदर वादी में अमन-शांति हो, आतंक का अंत हो.”

प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी दी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी हमले की निंदा करते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, ”श्रीनगर आतंकी हमले में शहीद हुए सभी जवानों को मेरी विनम्र श्रद्धांजलि. पूरा देश एक स्वर में कायराना आतंकी मंसूबों की निंदा करता है. घायल जवानों के स्वास्थ्य लाभ के लिए मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं.”

वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूख अब्दुल्ला ने इस घटना के बाद सरकार को नसीहत दे डाली है. उन्होंने कहा है कि अगर इस तरह की घटनाओं का अंत करना है तो सरकार को दिल जीतने की बात करनी चाहिए. उन्होंने कहा, ”यह दुर्भाग्य की बात है. मैं शहीद हुए जवानों के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं. मैं सरकार से गुजारिश करता हूं कि अगर इन चीजों को खत्म करना है तो दिल जीतने की बात करें. अगर वे दिल जीत लेते हैं, तो ये चीजें नहीं होंगी.”

वहीं एक अधिकारी ने बताया कि पंथा चौक-खोनमोह मार्ग पर भारतीय रिजर्व पुलिस (आईआरपी) की 9वीं बटालियन के वाहन पर आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की. फायरिंग में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है. उन्होंने कहा, ‘सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और हमलावरों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी शुरू की गई है.’

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button