संविधान की मशाल लेकर आगे बढ़ रहा देवरांचल संस्थान, ग्राम देवरा में सामाजिक समर्पण का अनूठा उदाहरण
समाजसेविका कुलदीप कौर को सम्मानित किया गया

सदभावना/संवाददाता
निजामाबाद/आजमगढ़। ग्राम देवरा,जनपद आजमगढ़ देवरांचल संस्थान समिति उत्थान के सामाजिक कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार, समाजसेविका कुलदीप कौर, भूतपूर्व सैनिक सूबेदार श्री लाल, सुमन भारती सहित अन्य सदस्य पूर्वजों के निवास स्थान पर पहुंचे और सामाजिक कार्यों पर विस्तृत चर्चा की। यह कार्यक्रम डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती (5 सितंबर 2026) के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार एवं उनकी पत्नी समाजसेविका कुलदीप कौर को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान निर्धन बच्चों एवं बच्चियों को संविधान की मूल प्रति भेंट की गई। साथ ही जरूरतमंद विद्यार्थियों को साइकिल, स्कूली बैग, कलम, किताब एवं कॉपियां वितरित की गईं। ग्रामवासियों को भी संविधान की पुस्तक देकर उन्हें उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। राष्ट्रीय प्रमुख समाजसेवी अरुण कुमार एवं समाजसेविका कुलदीप कौर ने देवरांचल संस्थान समिति उत्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने भारत सरकार से अनुरोध किया कि ऐसे संगठनों को समय-समय पर आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि संस्था अपने कार्यों को संपूर्ण भारतवर्ष में विस्तार दे सके। साथ ही आम जनमानस से भी अपील की गई कि वे संस्था के सामाजिक कार्यों में सहयोग करें, जिससे दबे-कुचले एवं निर्धन वर्ग की अधिक से अधिक सहायता की जा सके। इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ताओं में विकास गुप्ता, श्री चंद्र गुप्ता, सुभाष गुप्ता, अनिल गुप्ता, संदीप गुप्ता, अजय गुप्ता एवं विनोद गुप्ता शामिल रहे। सभी ने समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। देवरांचल संस्थान समिति उत्थान द्वारा किए जा रहे इन सराहनीय कार्यों की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा हो रही है और संस्था समाज के उत्थान के लिए निरंतर सक्रिय है।



