निजामाबाद में रंग और रौनक का संगम, होली-रमजान ने बढ़ाई बाजार की चमक
अबीर की आकर्षक सजावट की गई है

सदभावना/संवाददाता।
निजामाबाद/आजमगढ़। नगर के बाजार इन दिनों रंगों और खुशियों से सराबोर नजर आ रहे हैं। होली की आहट के साथ ही दुकानों पर हर्बल गुलाल, प्राकृतिक रंग और अबीर की आकर्षक सजावट की गई है। लाल, गुलाबी, पीले, हरे और नीले रंगों से सजी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमडऩे लगी है। बच्चों के लिए बाजार में नई डिजाइन की पिचकारियां और रंग-बिरंगे मास्क खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। युवाओं में भी इस बार आधुनिक पैकिंग वाले रंग और रंगीन पैकेट चिप्स को लेकर खास उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, रमजान माह को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने तरह-तरह के पापड़ और अलग-अलग फ्लेवर के चिप्स भी मंगवाए हैं। बाजार में त्योहारों की साझा रौनक देखने को मिल रही है, जिससे खरीदारी का उत्साह दोगुना हो गया है। व्यापारियों को उम्मीद है कि होली और रमजान के पावन अवसर पर इस बार बिक्री बेहतर रहेगी और बाजार में यह उत्सवमय माहौल आने वाले दिनों में और भी परवान चढ़ेगा।



