संदिग्ध मौत प्रकरण लेखपाल संघ ने जांच व एफआईआर की मांग उठाई, आंदोलन की चेतावनी
शीघ्र प्राथमिकी दर्ज की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए

सदभावना/संवाददाता।
निजामाबाद (आजमगढ़)।राजस्व विभाग में कार्यरत लेखपाल ललितमान (निवासी ग्राम भभौकरा, पोस्ट धौरा, तहसील व थाना जेवर, जनपद गौतमबुद्ध नगर), जो वर्तमान में तहसील लालगंज, जनपद आजमगढ़ में तैनात थे, की 11 मार्च 2026 को थाना दीदारगंज क्षेत्र के मार्टिनगंज स्थित आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों के अनुसार, 12 मार्च 2026 को संबंधित थाना में तहरीर दी गई थी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सौंपी गई है। परिजनों का आरोप है कि इसके बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
इस मामले को लेकर लेखपाल संघ ने बैठक कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रकरण में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराते हुए शीघ्र प्राथमिकी दर्ज की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लेखपाल संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं होती है, तो चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसके तहत 23 मार्च 2026 को समाधान दिवस के दौरान काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक विरोध किया जाएगा और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
संघ के अनुसार, इसके बाद भी यदि प्राथमिकी दर्ज नहीं होती है, तो 28 मार्च 2026 को थाना समाधान दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न तहसीलों के लेखपाल थाना दीदारगंज पहुंचकर कार्य से विरत रहेंगे और मांगें पूरी होने तक धरना देंगे।
हालांकि, इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है।



