प्रयागराज में PM के कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, ADG ने सब-इंस्पेक्टर समेत 9 को सस्पेंड किया

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बीते मंगलवार को पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में ड्यूटी पर लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया गया है. वहीं, ADG जोन के निर्देश पर 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जिनमें से एक सब इंस्पेक्टर और 8 कॉन्स्टेबल शामिल हैं. पुलिस अधिकारी के मुताबिक ये पुलिसकर्मी QRT टीम-6 में शामिल थे. वहीं, ये सभी 8 कॉन्स्टेबल कौशाम्बी जिले के सराय अकिल थाने से आए हुए थे. वहीं, सब इंस्पेक्टर प्रयागराज के नवाबगंज थाने में तैनात थे.
दरअसल, PM नरेंद्र मोदी का मंगलवार को मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम था. ऐसे में परेड ग्राउंड से लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. इसके लिए QRT बनाई गई थी. इन्हें शहर के अलग-अलग पॉइंट पर सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई थी. वहीं, सुबह ADG प्रेम प्रकाश ने गीता निकेतन के पास से गुजर रहे थे, तो दरोगा और 6 सिपाही ड्यूटी में लापरवाही बरतते दिखे.
इस पर ADG ने सभी को तत्काल सस्पेंड करने का आदेश दे दिया. जहां PM मोदी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रयागराज शहर में पुलिस हाई अलर्ट पर थी. इसके मद्देनजर 9 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी, 11 IPS अधिकारी, 30 ASP की ड्यूटी लगी थी. इसके अलावा 70 DSP भी तैनात थे. 135 इंस्पेक्टर, 500 से ज्यादा सब-इंस्पेक्टर और 4 हजार से ज्यादा सिपाही और दीवान, 3 हजार से ज्यादा महिला पुलिसकर्मी, 15 कंपनी PAC और CRPF की भी तैनाती थी.
PM मोदी ने विपक्ष पर कसा तंज
बता दें कि पीएम मोदी मंगलवार को प्रयागराज पहुंचे थे, जहां उन्होंने 16 लाख महिलाओं को 1000 करोड़ रुपए की सौगात दी थी. इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा था कि महिलाएं लड़कियों के लिए शादी की उम्र 21 साल करने के सरकार के फैसले से खुश हैं, लेकिन इससे अबी कुछ लोगों को तकलीफ हो रही है. वहीं, पीएम मोदी ने रैली के दौरान कहा था कि पीएम आवास योजना के तहत दिए गए 30 लाख घरों में से 25 लाख उत्तर प्रदेश में महिलाओं के नाम पर रजिस्टर्ड हैं.
हालांकि यह महिलाओं के सच्चे सशक्तिकरण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि लड़कियों को आगे पढ़ने और बढ़ने का मौका मिले, इसलिए केंद्र सरकार ने उनके शादी की उम्र सीमा 18 से बढ़ाकर 21 साल करने का प्रयास किया. लेकिन किसको इससे तकलीफ हो रही है, हालांकि ये सब देख रहे हैं.



