भाजपा की जीत में विधानसभा विस्तारकों का रहा अहम योगदान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ के दुबारा सत्ता में आने के पीछे भाजपा के विधानसभा विस्तारकों का अहम योगदान रहा है। भाजपा द्वारा प्रदेश की सभी विधान सभाओं में भेजे गये विस्तारकों ने बूथ केन्द्रित प्रवास किया। पार्टी द्वारा चलाये जाने वाले सभी कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक सुचारू रूप से सम्पन्न कराने में विस्तारकों की प्रमुख भूमिका रही है।
इसके अलावा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को पार्टी के अभियान से जोड़कर पार्टी को विजय दिलाने का काम किया है। यही नहीं भाजपा के विस्तारकों ने पूरे आठ से नौ माह तक विधानसभा क्षेत्र में ही निवास किया। भाजपा के विस्तारक प्रत्येक बूथ पर जाकर बूथ कमेटियों के गठन से लेकर बूथ स्तर पर पार्टी की बैठक से लेकर पार्टी की रणनीति के लिए काम किया। पार्टी की समस्त योजनाएं व अभियानों से सीधे बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को जोड़ने में भाजपा विस्तारकों के माध्यम से ही सफल रही।
प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की दुबारा सरकार बनी तो संगठन ने विस्तारकों को सम्मानित करने की योजना बनाई। विस्तारकों को सम्मानित करने की इसी कड़ी में गुरूवार को बोरा इंस्टीट्यूट में अवध प्रान्त के विस्तारकों के सम्मान का कार्यक्रम रखा गया। भाजपा के राष्ट्रीय संगठक वी.सतीश ने भाजपा के विस्तारकों से उनका अनुभव कथन सुना। विधान सभा विस्तारकों ने उनके समक्ष अपने-अपने अनुभव सुनाए।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने कहा कि विधान सभा विस्तारकों ने कड़ी मेहनत कर बूथों पर जाकर पार्टी के कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश सह संगठन मंत्री कर्मवीर और भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री विनोद कुमार उपस्थित रहे।