देशबड़ी खबर

देश में तेजी से बढ़ रहे ओमीक्रॉन के मामले, विदेश से लौटे 277 भारतीय नागरिक आंध्र प्रदेश से ‘लापता’, तलाश में जुटी पुलिस

देश में तेजी से बढ़ते ओमीक्रॉन वेरिएंट (Omicron Variant) को देखते हुए सरकार और प्रशासन अलर्ट है तथा लगातार निगरानी की जा रही है. हालांकि बाहर से आए लोगों पर नजर बनाए रखना प्रशासन के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है. अब खबर है कि विदेश से वापस आंध्र प्रदेश लौटे 277 भारतीय नागरिक ‘गायब’ हो गए हैं और प्रशासन को उनकी तलाश करनी पड़ रही है.

आंध्र प्रदेश में अधिकारी 277 ऐसे भारतीय नागरिकों की तलाश कर रहे हैं, जो हाल के दिनों में कई देशों से वापस लौटे हैं और उत्तरी तटीय जिलों श्रीकाकुलम, विजयनगरम और विशाखापत्तनम से गायब हो गए हैं. पुलिस का कहना है कि दक्षिणपूर्वी अफ्रीका के एक मलावी छात्र समेत 2,389 भारतीय 1 दिसंबर से विशाखापत्तनम आए हैं.

14 दिनों में करीब 2400 लोग आए आंध्र प्रदेश

पुलिस के अनुसार, 1 से 14 दिसंबर के बीच करीब 2,389 लोग यहां पहुंचे. स्वास्थ्यकर्मी इनमें से 1,364 का पता लगा सके और बाकी का पता नहीं चल पाया है, जिनकी सूची अब पुलिस के पास है. इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आज शुक्रवार को बताया कि देश के 11 राज्यों से ओमीक्रॉन के 101 मामले सामने आ चुके हैं. जबकि दुनिया के 91 देशों से ओमीक्रॉन के मामले सामने आए हैं.

राज्य की पुलिस ने इनमें से 861 का पता लगा लिया है, लेकिन 164 लोगों का कोई पता नहीं चल सका है. इनमें से ज्यादातर एनआरआई हैं जो आमतौर पर सर्दियों के दौरान अपने घर घूमने आते हैं. उन्होंने भारत आने के लिए उड़ान भरने के दौरान बिना किसी लैंडमार्क के अपने घरों के इलाके का नाम लापरवाही से दिए हैं.

फॉर्म में गलत जानकारी दे रहे लोग

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘कई बार उनके द्वारा भरे गए फॉर्म में फोन नंबर गलत होते हैं. इलाकों की स्पेलिंग बदल दी गई. बड़ी मुश्किल से हम 861 लोगों का पता लगा सके. हम बहुत जल्द शेष लोगों का पता लगा लेंगे.’

अफ्रीकी देश मलावी से 12 दिसंबर को आए एक विदेशी छात्र का अगले दिन आरटी-पीसीआर टेस्ट लिया गया. उसे एक अंतरराष्ट्रीय छात्रावास के एक कमरे में आइसोलेट कर किया गया था लेकिन उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई. जिला चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर तिरुपति राव ने कहा, ‘हमने उन सभी का आरटी-पीसीआर टेस्ट किया है, 164 को छोड़कर जो लोग विजग पहुंचे हैं.’

श्रीकाकुलम में 94 लोगों की तलाश जारी

इसी तरह श्रीकाकुलम लौटे 614 लोग, जिसमें दक्षिण अफ्रीका का एक शख्स भी शामिल है, जिसका रिपोर्ट अभी तक सीसीएमबी द्वारा जारी नहीं की गई है, विदेश से लौटे अब तक 520 लोगों का पता लगाया जा सका है. शेष 94 लोगों की तलाश की जा रही है.

विजयनगरम में, विदेश से 338 लोग लौटे हैं और उनमें से 312 का पता लगाया गया. 7 अन्य जिलों के रहने वाले लोग हैं. शेष 19 लोगों की मेडिकल टीम तलाश कर रही है.

इस बीच, आंध्र यूनिवर्सिटी ने 5 नवंबर से कई देशों के 80 छात्रों को प्रवेश दिया है. सबसे ज्यादा अंगोला से 17 और स्वाजीलैंड से 15 छात्र हैं. यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के दो छात्रों ने भी नामांकन किया है. हालांकि अफगानिस्तान के छात्रों के बारे में अभी पता नहीं चला है. बड़ी संख्या में अफगानिस्तान के छात्र अपने देश गए थे, लेकिन तालिबान के सत्ता पर पकड़ जमाने के बाद अब तक वे लौट नहीं सके हैं.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button