उत्तर प्रदेशप्रयागराज

केशव मौर्य ने केजरीवाल पर कसा तंज, कहा- उनकी आदत है मीठा-मीठा गप और कड़वा थू

प्रयागराज। यूपी में विधान सभा चुनाव 2022 के चुनावी समर का बिगुल बज चुका है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के लोग एक दूसरे पर हमलावर हैं। मंगलवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। कहा कि वह नगर निगम जैसे सीमा क्षेत्र के राज्य के मुख्यमंत्री हैं। उनकी आदत है कि मीठा-मीठा गप और कड़वा थू। दिल्ली में जो भी अव्यवस्था है उसके लिए वही जिम्मेदार हैं। छह पूजन के लिए वहां कोई इंतजाम न कर दिल्ली सरकार ने माताओं और बहनों के पूजन कार्यक्रम को बाधित करने का कार्य किया है।

बोले, उत्‍तर प्रदेश में छठ पूजा के लिए व्‍यवस्‍था दुरुस्‍त है

डिप्‍टी सीएम केशव मौर्य बोले कि उत्तर प्रदेश सरकार ने छठ पूजा के लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखा है। यहां किसी भी तरह की अव्यवस्था नहीं है। यही वजह है कि प्रदेश में भव्य तरीके से छठ महापर्व को मनाया जा रहा है। हमारी सरकार सभी तीज त्योहार को मनाने के लिए समुचित प्रबंध करती है। चाहे वह व्यवस्था आर्थिक तौर पर करनी हो या प्रशासनिक। लोगों की आस्था और विश्वास के साथ कहीं भी खिलवाड़ नहीं होने दिया जाता है।

केशव ने कहा कि निषाद पार्टी के साथ मिलकर भाजपा चुनाव लड़ेगी

यूपी के उप मुख्यमंत्री ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद के दो दिन पहले दिए बयान के संदर्भ में टिप्पणी की कि मैंने उनका बयान नहीं सुना है। मैं भगवान श्रीराम के बारे में किसी भी तरह की विवादित टिप्पणी न सुन सकता हूं न उस पर कुछ बोल सकता हूं। अयोध्या में श्रीराम का भव्य और दिव्य मंदिर बन रहा है। इससे राष्ट्रीय गौरव फिर से स्थापित होगा। रही बात निषाद पार्टी और भाजपा की तो वह गठबंधन का हिस्सा है। दोनों दल मिलकर विधान सभा चुनाव लड़ेंगे।

डिप्‍टी सीएम ने रामलीला कमेटी की स्‍मारिका का विमोचन किया

श्रीकटरा रामलीला कमेटी की स्मारिका के विमोचन समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रभु श्रीराम की थाती को संजोने की दिशा में काम चल रहा है। श्रीराम वनगमन मार्ग के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। प्रयागराज में उसी के अनुरूप विकास होगा। प्रभु श्रीराम जहां-जहां गए और रुके हैं प्रयाग के उन स्थलों को प्राचीनता के साथ आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। कहा कि त्रेता युग की कल्पना के अनुसार अयोध्या का विकास किया जा रहा है। नई अयोध्या को देखकर पूरा विश्व चकित है। ठीक उसी प्रकार प्रयागराज का विकास होगा। हर प्राचीन स्थल, मंदिरों को संरक्षित किया जाएगा।

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button