हमीरपुर
लीकेज से लोग परेशान जल संस्थान अंजान
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के वार्ड संख्या 13 एवं 2 में जल संस्थान की पाइप लाइन में लीकेज होने से जहां सैकड़ों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। वहीं यहां के वाशिंदे परेशान हैं। जल संस्थान शिकायत के बाद भी लीकेज ठीक नहीं करा रहा है।
वार्ड संख्या 13 के निवासी व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू व विकास कुमार ने बताया कि उनके मकान के पास पिछले कई दिनों से लीकेज है। इसकी शिकायत भी दर्ज कराई गई है लेकिन लीकेज ठीक नहीं किया गया है। इसी तरह वार्ड संख्या 2 के निवासी ज्वाला प्रसाद सोनकर ने बताया कि उसकी पुत्री की 3 दिसंबर को शादी है। उसके दरवाजे पर पाइप लाइन में लीकेज है। इससे चारों तरफ कीचड़ फैला है। शिकायत के बाद भी इसको ठीक नहीं कराया जा रहा है। व्यापार मंडल अध्यक्ष का आरोप है कि जल संस्थान कर्मी शिकायतों को दूर करने की बजाय कस्बे में राजनीति करके लोगों के साथ भेदभाव कर रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश पनप रहा है।
जल संस्थान के अवर अभियंता विश्वेलेन्द्र नाथ ने बताया कि शिकायतें प्राप्त हुई है। कर्मचारियों को भेजकर जल्द ही लीकेज ठीक कराए जाएंगे।